Jamshedpur : परसुडीह में किराना दुकान से चोरी, हजारों का सामान गायब, पुलिस ने झाड़ियों से बरामद किया कुछ सामान…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित करनडीह लाइन टोला में एक बार फिर चोरी की घटना सामने आई है। रविवार देर रात ‘तारक नाथ स्टोर’ में चोरों ने धावा बोलते हुए हजारों रुपये के सामान समेत नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
सोमवार सुबह जब दुकानदार आशुतोष साहू दुकान खोलने पहुंचे तो ताला टूटा देखकर दंग रह गए। जांच में पता चला कि चोरों ने एक बोरा अरवा चावल, एक बोरा मसूर दाल, 20 किलो उसना चावल, 5 किलो पास्ता, 20 किलो आटा, दो टीन रिफाइंड तेल, तीन हजार रुपये नकद और महंगे साबुन चोरी कर लिए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर त्वरित छानबीन की। रेलवे पटरी किनारे झाड़ियों से चोरी किया गया चावल, दाल और आटा बरामद किया गया जबकि बाकी सामान और नकदी गायब है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में रविवार तड़के LBSM कॉलेज के पास एक अन्य दुकान से चोरी की घटना हुई थी जिसमें एक चोर को लोगों ने रंगे हाथ पकड़ा था। पुलिस दोनों मामलों को आपस में जोड़कर जांच कर रही है।

