1000219381

जमशेदपुर में 12वीं छात्रों के ट्रांसफर पर भड़के छात्र, 15 जुलाई को राजभवन घेरने की चेतावनी…

खबर को शेयर करें
1000219381

Jharkhand: झारखंड में इंटरमीडिएट (12वीं) के छात्रों को अंगीभूत कॉलेजों से हटाकर दूसरी जगह भेजने के सरकारी आदेश के बाद छात्रों में जबरदस्त गुस्सा है। इसी को लेकर छात्रों ने 15 जुलाई को रांची में राजभवन घेराव का ऐलान किया है।

सरकारी फैसले के खिलाफ छात्रों ने ‘इंटरमीडिएट बचाओ संघर्ष समिति’ बनाकर लगातार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। समिति का कहना है कि इस फैसले से हजारों छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है।

8 जुलाई को छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बिष्टुपुर के माइकल जॉन ऑडिटोरियम में शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन से मुलाकात की थी। लेकिन छात्रों का आरोप है कि मंत्री ने उन्हें सिर्फ “चिंता मत करो” कहकर टाल दिया और कोई ठोस जवाब नहीं दिया। इससे छात्र और भी ज्यादा निराश हो गए हैं।

समिति ने झारखंड के सभी जिलों के छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की है कि वे 15 जुलाई को रांची पहुंचकर इस आंदोलन में शामिल हों। राजभवन का घेराव कर सरकार पर दबाव बनाया जाएगा ताकि छात्रों के हित में सही फैसला हो सके।

आज आयोजित एक प्रेस वार्ता में समिति के शुभम झा, सबिता सोरेन, दीपानिता, मनीषा, सिमरन, अर्पिता, आदित्य, अर्जुन, रोशन और अन्य छात्रों ने साफ कहा कि वे अपने भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने देंगे और जब तक सरकार फैसला वापस नहीं लेती उनका आंदोलन जारी रहेगा।