1000213045

Jamshedpur: 38 दिन बाद सामने आई साकची जेल चौक फायरिंग की घटना, पुलिस ने शुरू की जांच…

खबर को शेयर करें
1000213045

Jamshedpur news: जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र के जेल चौक पर हुई एक सनसनीखेज फायरिंग की घटना 38 दिन बाद सामने आई है। मानगो ओल्ड पुरुलिया रोड निवासी अमित कुमार ने साकची थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है जिसमें उन्होंने गंभीर आरोप लगाए हैं।

शिकायत के अनुसार यह घटना 26 मई को घटी थी। अमित कुमार का कहना है कि उस दिन जब वह साकची जेल चौक के पास मौजूद थे तभी मानगो लुची टावर के पास गौड़ बस्ती निवासी ज्ञान प्रकाश गुप्ता वहां आया और उस पर चापड़ व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में अमित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

इतना ही नहीं पीड़ित ने यह भी दावा किया है कि हमले के बाद आरोपी ने उस पर गोली चलाई। हालांकि पुलिस अभी यह साफ नहीं कर पाई है कि गोली वास्तव में चली थी या नहीं और यदि चली थी तो किस दिशा में गई और किसी को लगी या नहीं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की गंभीर धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। घटना स्थल की दोबारा छानबीन की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आखिर इतनी बड़ी घटना की शिकायत 38 दिन बाद क्यों दर्ज कराई गई। सभी पहलुओं पर बारीकी से ध्यान दिया जा रहा है ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जा सके।