1000232418

जमशेदपुर ग्रामीण क्षेत्र! पोटका में राशन वितरण में गड़बड़ी को लेकर जोरदार हंगामा, सैकड़ों ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन…

खबर को शेयर करें
1000232418

Jamshedpur news: जमशेदपुर के पोटका प्रखंड के टांगराइन पंचायत अंतर्गत आने वाले 10 गांवों के सैकड़ों राशन कार्डधारियों ने रविवार को चाकड़ी चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि राशन दुकानदार अशोवती खंडाईत ने दो माह का फिंगरप्रिंट लेने के बावजूद केवल एक माह का राशन दिया जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।

ग्रामीणों ने बताया कि राशन लेने के लिए उन्हें 6 से 8 किलोमीटर दूर हड़ियान आना पड़ता है। लेकिन फिर भी समय पर और पूरा राशन नहीं मिल रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राशन तौलने में ईंट और पत्थर का सहारा लिया जाता है जिससे 2-3 किलो अनाज कम मिलता है।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि पहले अंगूठा लिया जाता है और कई दिनों बाद राशन दिया जाता है। इस कारण कई ग्रामीणों को बार-बार दुकान के चक्कर लगाने पड़ते हैं। कई महिलाओं को तो गांव में ही रात गुजारनी पड़ती है और अगली सुबह राशन मिलने के बाद ही वे घर लौट पाती हैं।

ग्रामीणों की मांग है कि सभी कार्डधारियों को दो माह का पूरा राशन तुरंत दिया जाए। मंगल पान, रॉबिन सरदार, वीशा महापात्र, विद्याधर मंडल और शिवचरण सरदार समेत कई ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होता तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

ग्रामीणों ने राशन डीलर पर सख्त कार्रवाई और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि यह समस्या बहुत समय से चल रही है और अब लोगों का सब्र जवाब दे चुका है।