जमशेदपुर ग्रामीण क्षेत्र: कोवाली में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, छह गिरफ्तार, 9 मोबाइल फोन जब्त…

Jamshedpur news: कोवाली पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक आईफोन समेत कुल 9 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। ये युवक टेलीग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से गूगल रिव्यू और गेम रेटिंग के नाम पर लोगों से ठगी कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कोवाली गांव के माणिक भगत, देव भगत, कितेश भगत, चंदन भगत उर्फ सोनू, मंथन भगत उर्फ रिंकू और चिरंजीत भगत उर्फ किरण के रूप में हुई है।
कोवाली थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि कोवाली पंचायत के खराइघुटु जंगल के पास कुछ युवक साइबर ठगी में शामिल हैं। इसके बाद डीएसपी संदीप भगत और थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक टीम गठित कर छापेमारी की गई। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगे लेकिन टीम ने सभी को पकड़ लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि ये आरोपी काफी समय से ऑनलाइन साइबर ठगी कर रहे थे। इनके खिलाफ देश के विभिन्न हिस्सों में ऑनलाइन शिकायतें दर्ज हैं। अब तक करीब 10 से 15 लाख रुपये की ठगी की पुष्टि हुई है।
सभी आरोपियों के खिलाफ कोवाली थाना में साइबर ठगी का मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

