जमशेदपुर ग्रामीण क्षेत्र: बहरागोड़ा NH-18 बाइपास सड़क बनी मुश्किल, बारिश में कीचड़ और गड्ढों से परेशान आमजन…

Jamshedpur news: बहरागोड़ा NH-18 बाइपास सड़क की बदहाल स्थिति ने ग्रामीणों और राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बरसात के मौसम में यह सड़क कीचड़ और गड्ढों में बदल गई है। बहरागोड़ा बस टर्मिनल से चित्रेश्वर मोड़ होते हुए पॉल पेट्रोल पंप तक का सफर लोगों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क मरम्मत कार्य कर रहे संवेदक की धीमी गति और लापरवाही के कारण जनता को बरसात में बड़ी परेशानी झेलनी पड़ रही है। गड्ढों और कीचड़ से भरी इस सड़क पर रोजाना स्कूली बच्चे और राहगीर आवाजाही करते हैं जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों में इस स्थिति को लेकर आक्रोश है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों से मांग की है कि जल्द से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था की जाए और निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।

