जमशेदपुर ग्रामीण क्षेत्र! कोवाली में घर में घुसकर हमला, एक बुजुर्ग महिला की मौत, दो युवतियां गंभीर रूप से घायल…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के कोवाली थाना क्षेत्र के चांपी गांव में रविवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात हुई। अज्ञात हमलावरों ने एक ही परिवार की तीन महिलाओं पर घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला नीरस सरदार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनकी बेटी गुलाबी सरदार और रिश्तेदार युवती संध्या सरदार गंभीर रूप से घायल हो गईं।
बताया गया कि तीनों महिलाएं घर के एक ही कमरे में सो रही थीं। रात के अंधेरे में अपराधी खिड़की के रास्ते घर में घुसे और उन पर अचानक हमला कर दिया। सोमवार सुबह जब आसपास के लोगों ने घर का दरवाजा बंद देखा, तो उन्हें शक हुआ। खिड़की से झांककर देखा तो तीनों महिलाएं लहूलुहान हालत में पड़ी थीं। तुरंत ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को इलाज के लिए जमशेदपुर के सदर अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।


