1000213101

जमशेदपुर ग्रामीण क्षेत्र! फुलझोर जंगल में युवक की सड़ी-गली लाश मिली, 27 जून से था लापता…

खबर को शेयर करें
1000213101

Jamshedpur news: जमशेदपुर के गालूडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत झाटीझरना पंचायत के फुलझोर गांव के पास जंगल में शुक्रवार सुबह एक युवक की सड़ी-गली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान गांव के ही 42 वर्षीय सरोजीत मुंडा के रूप में हुई है जो बीते 27 जून से लापता था।

शुक्रवार सुबह कुछ ग्रामीण बकरियां चराने जंगल की ओर गए थे तभी उन्होंने वहां एक सड़ी-गली लाश देखी। तुरंत इसकी सूचना गालूडीह थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही एसआई मिथिलेश कुमार मौर्या और अजय बागे मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

पुलिस ने पूछताछ और पहचान के बाद बताया कि मृतक का नाम सरोजीत मुंडा है जो फुलझोर गांव का ही रहने वाला था। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और गांव में एक छोटी सी चाय दुकान चला कर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों ने बताया कि वह 27 जून से लापता था। उन्होंने हर जगह खोजबीन की रिश्तेदारों से भी संपर्क किया लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। अब उसकी लाश मिलने के बाद परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता लेधरा मुंडा, मां ज्योत्सन मुंडा और भाइयों भक्तू मुंडा व नारायण मुंडा का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं अब यह जांच की जा रही है कि सरोजीत की मौत किन परिस्थितियों में हुई।