जमशेदपुर ग्रामीण क्षेत्र: पोटका प्रखंड के 2764 छात्रों को मिलेगा साइकिल, विधायक संजीव सरदार ने की ‘उन्नति का पहिया’ योजना की शुरुआत…

Jamshedpur news: पोटका प्रखंड के 2764 छात्र-छात्राओं को अब साइकिल मिलेगी। झारखंड सरकार के कल्याण विभाग की “उन्नति का पहिया योजना” के तहत मंगलवार को पोटका विधायक संजीव सरदार ने साइकिल वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
शुभारंभ के अवसर पर प्रखंड मुख्यालय परिसर में 10 विद्यालयों के लगभग 465 छात्रों को साइकिल दी गई। इनमें मध्य विद्यालय पोटका, चांदपुर, बड़ा सिगदी, धोलाडीह, रंगामाटिया, पिछली, जाहातू, तूड़ी, गितिलता, छोटा तिलाइझोर, सानग्राम और कमलपुर विद्यालय के छात्र शामिल थे।
कार्यक्रम की शुरुआत दो मिनट मौन रखकर दिशोम गुरु शिबू सोरेन और शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इस मौके पर छात्रों को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि सरकार गरीब छात्रों को आगे बढ़ाने के लिए साइकिल, कोचिंग और कंप्यूटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने छात्रों को मेहनत और परिश्रम के साथ पढ़ाई करने की सलाह दी।
विधायक ने घोषणा की कि जल्द ही हाता में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग सेंटर खोला जाएगा जहां कंप्यूटर कोर्स की सुविधा भी दी जाएगी।
साइकिल मिलने के बाद छात्रों के चेहरों पर खुशी झलक रही थी। इस अवसर पर बीडीओ अरुण मुंडा, सीओ निकीता बाला, बीपीआरओ मनोज सिन्हा, जेएसएलपीएस कॉर्डिनेटर मंटू मुंडा, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सुखलाल हेंब्रम, बीपीओ जयश्री बोयपाई, बीआरपी सोनू महतो समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

