Jamshedpur : बैंक ऑफ इंडिया में चोरी की कोशिश नाकाम, दो संदिग्ध हिरासत में…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के नरगा स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा में बीती रात चोरी की असफल कोशिश की गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक किसी की औपचारिक गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक चोरों ने बैंक के मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसने के बाद सीसीटीवी कैमरों से छेड़छाड़ की। इसके बाद गैस कटर से कैश सेफ काटने की कोशिश की गई लेकिन अचानक सायरन बजने पर चोर घबराकर भाग निकले। इस दौरान बैंक को करीब 10 हजार रुपये का नुकसान हुआ। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
एसआई आनंद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की और मौके से जुटाए गए तकनीकी साक्ष्यों एवं सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इन आधारों पर पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना के बाद बैंक की सुरक्षा व्यवस्था और रात की गश्त को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बैंक परिसर में गश्ती दल की सक्रियता कम रहती है जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात करने की कोशिश की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में तेजी लाई जा रही है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

