जमशेदपुर रेप केस! पड़ोसी ने महिला को नशीला पानी पिलाकर किया दुष्कर्म, पुलिस ने FIR दर्ज कर किया आरोपी को गिरफ्तार…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के घोड़ाबांधा इलाके में एक महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसी युवक ने महिला को पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और फिर एक मकान में ले जाकर दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पीड़िता मूल रूप से जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। बताया गया कि उसकी शादी झाड़ग्राम में हुई थी, लेकिन पति से विवाद चल रहा था। 3 जुलाई को उसे गम्हरिया जाना था जिसके लिए उसने अपने पड़ोसी ज्योतिष कुमार भगत से गोविंदपुर रेलवे स्टेशन तक छोड़ने को कहा।
पीड़िता का आरोप है कि रास्ते में आरोपी ने उसे पानी में कुछ मिलाकर पिलाया जिससे वह बेहोश जैसी हो गई। इसके बाद आरोपी उसे स्टेशन ले जाने के बजाय एक मकान में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। जब उसे कुछ होश आया तो उसने खुद को मकान के बाहर पाया और उसे महसूस हुआ कि उसके साथ कुछ गलत हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और परिजनों को सूचना दी गई। परिजन पीड़िता को लेकर थाना पहुंचे जहां पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपी ज्योतिष कुमार भगत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई है और कोर्ट में बयान भी दर्ज कराया जाएगा।
पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

