Jamshedpur : रेलवे अर्बन बैंक घोटाला – 7-8 दशक से चल रहा खेल, 2 रेल कर्मचारी बर्खास्त, 2 पर अभी जांच जारी…

Jamshedpur news: रेलवे अर्बन बैंक में पिछले 7-8 दशकों से चल रहे घोटाले का खुलासा अब धीरे-धीरे हो रहा है। मेंस कांग्रेस द्वारा बैंक का हैंडओवर लेने के बाद मामले की परतें खुल रही हैं।
दो माह पूर्व 27 रेल कर्मचारियों को बिना नोटिफिकेशन के फर्जी तरीके से बहाली कराने के आरोप में बर्खास्त किया गया था। अब जांच में फिर से दो रेल कर्मचारियों पर गाज गिरी है।
रेलवे की जांच रिपोर्ट के आधार पर चक्रधरपुर रेल मंडल के वरिष्ठ लिपिक समनेंदु जेना और खड़गपुर रेल मंडल के कैशियर विवेकानंद बख्शी को बर्खास्त कर दिया गया है। दोनों पर धोखाधड़ी और वित्तीय गड़बड़ी के गंभीर आरोप थे।
अभी दो और रेल कर्मचारियों पर जांच जारी है। इनमें से एक पर मृतक कर्मचारी खादु मुर्मू (जिनका निधन 2010 में हो गया था) को जीवित दिखाकर उनके खाते से अवैध निकासी करने का आरोप है। इसके लिए फर्जी हस्ताक्षर का सहारा लिया गया था।
दूसरे मामले में खड़गपुर वर्कशॉप में कार्यरत तकनीशियन भरत के खाते से लोन की राशि ज्यादा दिखाकर फर्जी निकासी की गई थी।
अर्बन बैंक के एजीएम (फाइनेंस) चंदन ठाकुर ने बर्खास्तगी का आदेश जारी किया। इस खुलासे के बाद पूरे दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) में हड़कंप मच गया है।
मेंस कांग्रेस के सपोर्ट से एनएफआईआर के जोनल सेक्रेटरी शशी मिश्रा ने कहा कि बैंक का हैंडओवर लेने के बाद सबसे पहले इसे कंप्यूटरीकृत और ऑनलाइन किया गया। अब किसी भी तरह के घोटाले की संभावना नहीं है। पहले जहां कर्मचारी बैंक को नहीं जानते थे अब पारदर्शिता के साथ काम किया जा रहा है और शेयर होल्डर्स को इसका फायदा दिख रहा है।

