Jamshedpur: सिख समाज में आक्रोश, CGPC पदाधिकारियों पर यौन शोषण के आरोप को बताया साजिश, DC ऑफिस में किया प्रदर्शन…

Jharkhand: झारखंड की सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (CGPC) के प्रधान भगवान सिंह और महासचिव गुरुचरण सिंह बिल्ला पर लगे यौन शोषण के आरोपों के बाद सिख समाज में भारी आक्रोश देखने को मिला। मंगलवार को बड़ी संख्या में समाज के लोग विशेष रूप से महिलाएं, जमशेदपुर के डीसी ऑफिस पहुंचीं और प्रदर्शन कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने “भगवान सिंह निर्दोष हैं” जैसे नारे लगाए और प्रशासन से मांग की कि इस पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जाए। प्रदर्शनकारियों ने डीसी और एसएसपी को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि यह पूरा मामला एक साजिश का हिस्सा है जिसके ज़रिए कमेटी के पदाधिकारियों को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
सिख समाज के लोगों का कहना है कि भगवान सिंह और गुरुचरण सिंह बिल्ला को बदनाम करने के पीछे समाज के ही कुछ असामाजिक तत्वों का हाथ है। आरोप लगाया गया है कि एक महिला ने दोनों पदाधिकारियों के खिलाफ यौन शोषण का मामला न्यायालय में दर्ज कराया है जो पूरी तरह से निराधार है।
कमेटी की ओर से यह भी कहा गया कि कुछ लोगों ने इन पदाधिकारियों से अनुचित कार्य करवाने का प्रयास किया था लेकिन उन्होंने साफ इनकार कर दिया। इसके बाद उनके खिलाफ यह षड्यंत्र रचा गया। बताया गया कि चार से पांच लोगों का एक गिरोह जानबूझकर इस मामले को तूल दे रहा है ताकि सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की छवि को नुकसान पहुंचाया जा सके।
कमेटी ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और इस साजिश में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि कमेटी जांच में प्रशासन का पूरा सहयोग करेगी।
सिख समाज ने यह भी अपील की है कि ऐसे झूठे आरोपों से धार्मिक संस्थानों की गरिमा को ठेस पहुंच रही है और असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ रहा है जिसे हर हाल में रोका जाना चाहिए।

