Jamshedpur News : मानगो से जल्द कचड़ा नहीं उठाया गया तो आज़ाद समाज पार्टी करेगी आंदोलन

जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में पिछले कई दिनों से नगर निगम द्वारा कचरा उठाने का काम नहीं किया गया है, जिसके परिणामस्वरूप कचरे का ढेर सड़कों, गलियों और मोहल्लों में फैल चुका है। यह समस्या इतनी गंभीर हो गई है कि मुख्य सड़कों पर कचरा आधी सड़कों तक फैल चुका है, और इसकी बदबू ने क्षेत्रवासियों का जीवन मुश्किल बना दिया है। अब यह स्थिति इस हद तक बढ़ चुकी है कि बीमारियों का खतरा उत्पन्न हो सकता है। अगर समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया तो इसके लिए जिम्मेदार मानगो नगर निगम, जिला अधिकारी, विधायक और सांसद होंगे। इस बढ़ते कचरे के खिलाफ आज़ाद समाज पार्टी ने जगह-जगह पोस्टर लगाए हैं और इन पोस्टरों के माध्यम से उन्होंने जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही को लेकर उन्हें घेरने की कोशिश की है। चुनावी वादों के बाद अब मानगो की जनता के साथ यह उपेक्षापूर्ण व्यवहार यह साफ दर्शाता है कि राजनेताओं के लिए केवल वोट ही मायने रखते हैं। आज़ाद समाज पार्टी हमेशा जनता के मुद्दों के साथ खड़ी रही है और आज भी अपने कर्तव्यों को निभाने के लिए कटिबद्ध है। पार्टी ने आज एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान यह घोषणा की कि अगर अगले तीन दिनों में कचरा नहीं उठाया गया तो वे आंदोलन करेंगे और मानगो नगर निगम कार्यालय के सामने सारा कचरा फेंकने का काम करेंगे। इसके साथ ही वे सड़क पर उतरकर मानगो की जनता को गंदगी और बीमारी से बचाने के लिए संघर्ष करेंगे। इस प्रेस कांफ्रेंस में जिला प्रभारी परवेज़ खालिद, जिला अध्यक्ष धीरज मुखी, प्रदेश उपाध्यक्ष मुमताज़ खान, प्रदेश संगठन सचिव नईम खान, और कई अन्य नेता उपस्थित थे।


