Jamshedpur: MGM अस्पताल में लापरवाही से गई मरीज की जान, फर्श पर तड़पता रहा गरीब, नहीं मिला उचित इलाज…

Jamshedpur news: सरकार भले ही अस्पतालों में बेहतर इलाज और सुविधाओं के दावे करती हो लेकिन MGM अस्पताल की हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। बुधवार को पोटका के कलिकापुर पोचापाड़ा निवासी 38 वर्षीय वरुण भगत की इलाज के अभाव में मौत हो गई।
वरुण को कुत्ते ने काट लिया था जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन उसे दोपहर 1 बजे के करीब MGM अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन न तो उसे बेड मिला और न ही सही इलाज। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रांची रिम्स रेफर कर दिया लेकिन एंबुलेंस के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा।
परिजनों ने 108 नंबर पर कॉल कर एंबुलेंस मांगी लेकिन जवाब मिला कि एंबुलेंस लाइन में है। अस्पताल की ओर से न कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई न ऑक्सीजन दी गई और न ही कोई प्राथमिक उपचार। सिर्फ एक इंजेक्शन देने के बाद मरीज को फर्श पर ही छोड़ दिया गया।
घंटों तक वरुण फर्श पर तड़पता रहा लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। उसकी पत्नी सविता भगत रोते हुए बोलीं “हम बार-बार मदद की गुहार लगाते रहे लेकिन किसी ने नहीं सुना। वो तड़पता रहा कोई डॉक्टर पास तक नहीं आया।”
अगर समय पर इलाज और रेफर की सुविधा मिल जाती तो शायद वरुण की जान बच सकती थी।
सरकार ने MGM अस्पताल को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करने के वादे किए थे लेकिन आज भी यहां बेड की कमी, डॉक्टरों की लापरवाही और एंबुलेंस की कमी जैसी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।

