1000259591

Jamshedpur: उलीडीह के पास नदी से किशोरी का शव बरामद होने के मामले में हत्या का मामला हुआ दर्ज, दो युवकों पर आरोप…

खबर को शेयर करें

Jamshedpur news: जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय मीनाक्षी कुमारी पांडेय की हत्या के मामले में परिजनों ने दो युवकों पर नामजद FIR दर्ज कराई है। मीनाक्षी काशीडीह हाई स्कूल की 10वीं कक्षा की छात्रा थी जो 7 अगस्त की सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी लेकिन वापस नहीं लौटी।

8 अगस्त को रामनगर रोड नंबर-1 के पास स्वर्णरेखा नदी से एक लड़की का शव बरामद हुआ था जिसकी पहचान 9 अगस्त की शाम मीनाक्षी के रूप में हुई। मृतका के पिता संतोष कुमार पांडेय ने गोलमुरी के केबुल टाउन निवासी आदर्श और सीतारामडेरा शिव मंदिर के पास रहने वाले विक्की पर हत्या का आरोप लगाया है।

परिजनों का कहना है कि मीनाक्षी का स्कूल बैग और मोबाइल फोन अब तक नहीं मिला है। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय पर कार्रवाई होती तो शायद यह घटना टल सकती थी।

पुलिस ने हत्या और सबूत मिटाने की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़कर मामले का खुलासा किया जाएगा। रविवार को शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया।