1000477959 1

जमशेदपुर नगर निकाय चुनाव में उफान : मेयर, जुगसलाई व चाकुलिया के उम्मीदवारों को मिले चुनाव चिह्न, मानगो का एक वार्ड खाली, DC ऑफिस और डिमना रोड में दिखी भारी भीड़

खबर को शेयर करें
1000477959 1

जमशेदपुर नगर निकाय चुनाव को लेकर शनिवार को पूरे जिले में राजनीतिक हलचल तेज रही। DC ऑफिस से लेकर डिमना रोड तक दिनभर उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की भीड़ नजर आई। इसी बीच मानगो नगर निगम के मेयर पद, जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद और चाकुलिया नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों को उनके चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए गए। चुनाव चिह्न मिलने के बाद सभी प्रत्याशी प्रचार में जुट गए हैं।

मानगो नगर निगम चुनाव में एक वार्ड खाली रह गया है। वार्ड संख्या 22 में योग्य उम्मीदवार नहीं मिलने के कारण वार्ड सदस्य का पद रिक्त घोषित कर दिया गया है। वहीं मेयर पद के लिए कुल 13 प्रत्याशी मैदान में हैं जिन्हें अलग-अलग चुनाव चिह्न दिए गए हैं।
इंदिरा सुन्डी को एअरकंडीशनर, कुमकुम श्रीवास्तव को छड़ी, जेवा कादरी को चूड़ियां, पार्वती देवी को बैटरी टॉर्च, प्रतिभा रानी को बेंच, बनिता सहाय को बिस्कुट, राईमुनी सुन्डी को बक्सा, लक्की सिंह को ईंटें, शाइसता परवीन उर्फ जेबा खान को बाल्टी, संध्या सिंह को कैमरा, सुधा गुप्ता को कारपेट, सुशीला सिंह को सीसीटीवी कैमरा और सोनामुनी सोरेन को चपाती बेलन चुनाव चिह्न दिया गया है।

जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों को भी चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। इंदु देवी को एअरकंडीशनर, जसप्रीत कौर को छड़ी, डॉली मल्लिक को चूड़ियां, नीलूफर हुसैन को बैटरी टॉर्च, नौशीन खान को बेंच, बलबीर कौर को बिस्कुट, मुस्सर्रत खातून को बक्सा और रिंकू सिंह को ईंटें चुनाव चिह्न दिया गया है।

जुगसलाई नगर परिषद के कुछ वार्डों से पार्षद निर्विरोध चुने गए हैं। वार्ड संख्या 05 से मोहम्मद अब्बास अंसारी, वार्ड संख्या 06 से फिरदौस परवीन, वार्ड संख्या 09 से सालेहा अमीरा, वार्ड संख्या 10 से आमरीन परवीन और वार्ड संख्या 11 से राशिद इकबाल अंसारी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।

चाकुलिया नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भी चार प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न दिया गया। सोमवारी सेरेन को बैटरी टॉर्च, संध्या रानी सरदार को चूड़ियां, चन्दना मुर्मू को एअरकंडीशनर और शिलावती टुडू को छड़ी चुनाव चिह्न आवंटित किया गया है।

चाकुलिया नगर पंचायत के तीन वार्डों से पार्षद निर्विरोध चुने गए हैं। वार्ड संख्या 03 से सोनिया दास, वार्ड संख्या 08 से मोहम्मद नजीमुद्दीन और वार्ड संख्या 12 से कारमी सोरेन निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।

इधर जुगसलाई वार्ड संख्या 18 से प्रत्याशी अनिल मोदी को चुनाव चिह्न के रूप में अलमारी दिया गया है जिसका क्रमांक 1 है। वहीं जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रिंकू सिंह ने शनिवार को तूफानी दौरा किया। उन्होंने कहा कि उनका चुनाव चिह्न ईंट है और जैसे ईंट मजबूत होती है, वैसे ही उनके वादे और इरादे भी मजबूत हैं।

शनिवार को पूरे दिन DC ऑफिस के बाहर मेयर प्रत्याशियों की भीड़ लगी रही। वहीं डिमना रोड में पार्षद पद के लिए नामांकन को लेकर भी काफी चहल-पहल देखने को मिली।

कुल मिलाकर शनिवार का दिन जमशेदपुर में नगर निकाय चुनाव को लेकर बेहद व्यस्त रहा। चुनाव चिह्न मिलने के बाद अब प्रचार तेज हो गया है और आने वाले दिनों में शहर का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगने वाला है।