1000477959 1

जमशेदपुर नगर निकाय चुनाव: सभा को संबोधित करते हुए भावुक हुए बन्ना गुप्ता, कांग्रेस ने जेबा खान को किया निलंबित, पार्षद से लेकर मेयर तक सभी प्रत्याशियों की जनसभा तेज…

खबर को शेयर करें
1000477959 1

जमशेदपुर में नगर निकाय चुनाव को लेकर रविवार को पूरा दिन राजनीतिक गतिविधियों से भरा रहा। शहर में जनसभाएं, जनसंपर्क अभियान और भावुक राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिले। कहीं पार्टी के भीतर बड़ी कार्रवाई हुई तो कहीं मंच पर भावनाएं छलक पड़ीं। कुल मिलाकर नगर निकाय चुनाव ने पूरे शहर का माहौल गर्म कर दिया।

मानगो नगर निगम चुनाव में कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी ने अपनी प्रदेश सचिव जेबा खान को निलंबित कर दिया है। जेबा खान मानगो से मेयर पद का चुनाव लड़ रही हैं और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता के खिलाफ मैदान में हैं। पार्टी ने अनुशासनहीनता के आधार पर यह कार्रवाई की है जिसके बाद कांग्रेस के अंदर राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है।

इधर वार्ड स्तर पर भी चुनावी गतिविधियां तेज होती दिखीं। मानगो नगर निगम वार्ड संख्या 21, बगानशाही रोड नंबर 7 के प्रत्याशी शमशेर आलम ने जनसभा आयोजित की। उन्होंने लोगों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वे लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहेंगे।

आजादनगर स्थित ज़ाकिरनगर चौक पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता भावुक हो गए। उनके समर्थक सरफराज़ उर्फ़ पेची ने मंच से अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि एक समय वह बन्ना गुप्ता के खिलाफ दूसरे दल का समर्थन कर रहे थे लेकिन जब उनकी मां गंभीर रूप से बीमार हुईं और अस्पताल में भर्ती थीं तब बन्ना गुप्ता ने खुद फोन कर उनका हालचाल जाना। यह बात सुनकर बन्ना गुप्ता भावुक हो गए और कुछ देर तक मंच पर भावनात्मक माहौल बना रहा।

भाजपा की ओर से भी प्रचार अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। जमशेदपुर महानगर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव की धर्मपत्नी और मेयर पद की प्रत्याशी कुमकुम श्रीवास्तव लगातार जनसंपर्क अभियान चला रही हैं। वे घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात कर रही हैं और उनकी समस्याएं सुन रही हैं। वहीं एक अन्य जनसभा के दौरान संध्या सिंह के साथ पप्पू सिंह भी नजर आए।

जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है वैसे-वैसे चुनावी गतिविधियों में तेजी देखी जा रही है। अब केवल मेयर पद के प्रत्याशी ही नहीं बल्कि पार्षद उम्मीदवार भी पूरी तरह मैदान में उतर चुके हैं। कहीं जनसभा हो रही है तो कहीं प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अपनी बात रखी जा रही है। कई प्रत्याशी गली-मोहल्लों में घूमकर क्षेत्र की स्थिति देख रहे हैं और लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं।

कुल मिलाकर रविवार को जमशेदपुर में नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी माहौल पूरी तरह गर्म रहा। कांग्रेस में निलंबन की कार्रवाई, मंच पर भावुक क्षण, वार्ड स्तर की जनसभाएं और मेयर प्रत्याशियों का जनसंपर्क इन सभी घटनाओं ने चुनावी माहौल को और तेज कर दिया है। आने वाले दिनों में प्रचार और ज्यादा तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

वैसे मानगो में पहली बार हो रहे नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज़ होती जा रही है। प्रत्याशियों की रणनीति, दलों की चाल और मतदाताओं का रुख किस दिशा में जाएगा यह सब कुछ बेहद रोचक रहने वाला है। यूँ कहें कि सिर्फ मानगो ही नहीं बल्कि पूरे जमशेदपुर में नगर निकाय चुनाव के दौरान कौन-कौन से सियासी समीकरण बनते और बिगड़ते हैं इस पर सबकी नज़रें टिकी है।