Jamshedpur: नये सिरे से होगी मानगो जेपी सेतु बस स्टैंड की बंदोबस्ती, टेंडर की राशि होगी कम…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के भुइयांडीह स्थित मानगो जेपी सेतु बस स्टैंड की बंदोबस्ती अब नये सिरे से की जाएगी। पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जमशेदपुर अक्षेस (JNAC) के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार को बस स्टैंड को सुव्यवस्थित करने और पार्किंग के लिए टेंडर निकालने का निर्देश दिया है।
फिलहाल 1 सितंबर 2020 से पार्किंग शुल्क की वसूली विभागीय स्तर पर की जा रही है। JNAC ने बंदोबस्ती के लिए न्यूनतम राशि 2 करोड़ 18 लाख 30 हजार रुपये तय की थी लेकिन इतनी अधिक राशि और आवेदन शुल्क 20 हजार रुपये होने के कारण संवेदक टेंडर में भाग नहीं ले रहे हैं। इसी वजह से अब बंदोबस्ती की दर घटाकर फिर से टेंडर जारी किया जाएगा।
JNAC द्वारा अब तक 8 बार और जिला प्रशासन द्वारा 2 बार टेंडर निकाला जा चुका है लेकिन हर बार ऊंची दर की वजह से कोई संवेदक सामने नहीं आया। 2019 में सोनल इंटरप्राइजेज ने 2 करोड़ 25 लाख रुपये में टेंडर लिया था लेकिन घाटा होने के कारण उसने बीच में ही काम छोड़ दिया। इसके बाद दूसरे नंबर के संवेदक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने 2 करोड़ 18 लाख 30 हजार रुपये में टेंडर लिया पर उन्होंने भी काम करने से मना कर दिया। तब से अब तक जेएनएसी खुद ही पार्किंग शुल्क वसूल रही है
अब तक कुल 10 बार टेंडर निकाला जा चुका है जिसमें से 2 बार जिला प्रशासन और 8 बार JNAC ने प्रक्रिया पूरी की है।
प्रशासन को उम्मीद है कि टेंडर राशि कम करने के बाद संवेदकों की भागीदारी बढ़ेगी और बस स्टैंड का संचालन व्यवस्थित ढंग से किया जा सकेगा।


