Jamshedpur: खरकई नदी अब भी खतरे के निशान से ऊपर, प्रशासन अलर्ट पर…

Jamshedpur news: जमशेदपुर में शुक्रवार रात लगातार हुई भारी बारिश से बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। हालांकि अब थोड़ी राहत की खबर है। जिले की दो बड़ी नदियों सुवर्णरेखा और खरकई के पानी का स्तर अब अलग-अलग रुख दिखा रहा है।
रविवार को प्रशासन की ओर से जारी ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे आ गया है जबकि खरकई नदी का पानी अभी भी खतरे के निशान से काफी ऊपर बह रहा है।
सुवर्णरेखा नदी : मानगो पुल के पास जलस्तर 120.66 मीटर दर्ज किया गया जो खतरे के निशान (121.50 मीटर) से 0.84 मीटर कम है।
खरकई नदी : आदित्यपुर पुल के पास जलस्तर 132.79 मीटर तक पहुंच गया है जो खतरे के निशान (129.00 मीटर) से 3.79 मीटर ज्यादा है।
जिला प्रशासन ने बताया कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। एनडीआरएफ की टीमें संवेदनशील इलाकों में तैनात हैं। जरूरत पड़ने पर राहत और बचाव अभियान चलाया जाएगा।
प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से अपील की है कि सतर्क रहें, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति की तुरंत सूचना दें। राहत शिविर और निकासी की तैयारियां की जा चुकी हैं।


