Jamshedpur: दुकानों के बाहर डस्टबिन रखना हुआ अनिवार्य, नियम तोड़ने पर जुर्माना…

Jamshedpur news: शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए जमशेदपुर अक्षेस (JNAC) ने सख्ती शुरू कर दी है। अब हर दुकान के बाहर डस्टबिन रखना अनिवार्य कर दिया गया है। जो दुकानदार यह नियम नहीं मानेंगे उन पर जुर्माना लगाया जाएगा।
इस अभियान का असर शुक्रवार को बिष्टुपुर खाऊ गली में साफ दिखा। दरअसल एक दिन पहले उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार के निर्देश पर खाऊ गली मार्केट में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया था। इस दौरान जिन दुकानों में डस्टबिन नहीं था या जहां गंदगी फैली मिली वहां 12 दुकानदारों पर जुर्माना लगाया गया।
कार्रवाई के बाद शुक्रवार को खाऊ गली की हर दुकान के आगे डस्टबिन नजर आया। साथ ही जमशेदपुर अक्षेस की ओर से सभी दुकानदारों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। उन्हें “सफाई अपनाओ बीमारी भगाओ” के संदेश के साथ जीरो वेस्ट मार्केट बनाने का संकल्प दिलाया गया।
इस अभियान का मकसद है शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाना जिससे बीमारियों से बचाव हो सके और बाजारों का वातावरण साफ-सुथरा बना रहे।


