Jamshedpur Helmet Checking : ट्रैफिक पुलिस और टाटा स्टील कर्मचारी के बीच बाइक की चाबी को लेकर झड़प, ट्रैफिक DSP ने जांच के निर्देश दिए…

Jamshedpur news: जमशेदपुर में ट्रैफिक पुलिस का हेलमेट चेकिंग अभियान अब विवादों में घिर गया है। सिदगोड़ा के 28 नंबर रोड पर एक घटना सामने आई जहां ट्रैफिक पुलिस ने टाटा स्टील के अधिकारी प्रदीप तियू के साथ बुरा व्यवहार किया। उसने उनकी बाइक की चाबी छीनने की कोशिश की। जब वह इसमें सफल नहीं हुआ तो उसने प्रदीप का हेलमेट भी उतार लिया। और अब इस पूरे घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
ट्रैफिक डीएसपी नीरज सिंह ने इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मामले की पूरी पड़ताल की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।प्रदीप तियू जो न्यू बारीडीह के रहने वाले हैं और टाटा स्टील में काम करते हैं ने बताया कि वे अपनी पत्नी को लेकर एक डॉक्टर के पास जा रहे थे। जब वे बाइक से उतार रहे थे तभी अचानक एक ट्रैफिक पुलिस जवान पेड़ के पीछे से आया और जबरन उनकी बाइक की चाबी छीनने लगा।
चाबी नहीं मिलने पर उसने उनका हेलमेट उतार लिया और बाइक को जबरदस्ती ले जाने की कोशिश की।प्रदीप तियू ने साफ कहा कि ट्रैफिक पुलिस के जवान नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। पहले ही एसएसपी ने बार-बार कहा है कि बाइक की चाबी जबरन छीनना या वाहन को जबरदस्ती ले जाना नियम के खिलाफ है लेकिन शहर में ऐसे मामले लगातार सामने आ रहे हैं।
हेलमेट चेकिंग के नाम पर इस तरह की घटनाएं आम जनता में गुस्सा बढ़ा रही हैं। ट्रैफिक पुलिस को हेलमेट और कागज़ात जांचने का अधिकार है लेकिन बाइक की चाबी छीनना, हेलमेट उतारना या जबरदस्ती बाइक को ले जाना सही नहीं है।
ऐसे में सवाल उठता है कि क्या ट्रैफिक नियमों को लागू करते हुए आम लोगों की इज्जत और सम्मान को ठेस पहुंचाना उचित है? यह घटना न केवल ट्रैफिक पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करती है बल्कि झारखंड सरकार और जिला प्रशासन के लिए भी चेतावनी है कि वे सुधार के लिए ठोस कदम उठाएं ताकि नियमों के नाम पर आम जनता को परेशान न होना पड़े।

