1000227423

Jamshedpur: मानगो जवाहरनगर रोड में बच्चों के झगड़े में बीच-बचाव कर रहे दुकानदार पर फायरिंग, आरोपी पकड़ाया…

खबर को शेयर करें
1000227423

Jamshedpur news: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र स्थित जवाहरनगर रोड नंबर 9 में बुधवार की रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब बच्चों के झगड़े को शांत कराने की कोशिश कर रहे एक दुकानदार पर फायरिंग कर दी गई।

साकची सना कॉम्प्लेक्स में किताब की दुकान चलाने वाले मो. सैफुल्ला रोज की तरह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने देखा कि दो गुटों के किशोर आपस में झगड़ रहे हैं। उन्होंने इंसानियत के नाते बीच-बचाव की कोशिश की लेकिन यह प्रयास उनके लिए खतनाक साबित हुआ।

जानकारी के मुताबिक, झगड़े में शामिल एक गुट के लड़कों ने किसी को फोन कर बुलाया। कुछ ही मिनटों में एक युवक मौके पर आया और सीधे मो. सैफुल्ला पर गोली चला दी। सौभाग्य से गोली किसी को नहीं लगी।

फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। युवक भागने लगा, लेकिन लोगों ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।

गिरफ्तार युवक की पहचान काला बाबू के रूप में हुई है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। डीएसपी भोला प्रसाद ने बताया कि आरोपी से यह जानकारी ली जा रही है कि उसने फायरिंग के बाद हथियार कहां फेंका। घटनास्थल से कोई कारतूस का खोखा बरामद नहीं हुआ है, जिससे अंदेशा है कि उसने हथियार कहीं दूर फेंक दिया है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि काला बाबू एक सक्रिय बकरी चोर गिरोह से जुड़ा है। इस गिरोह का सरगना बल्ला नामक अपराधी है जो पहले भी कई मामलों में संलिप्त पाया गया है।