Jamshedpur: कमलपुर में आभूषण व्यवसायी से फिल्मी अंदाज़ में चोरी, 7 लाख के गहनों से भरा बैग उड़ाया…

Jamshedpur news: मंगलवार शाम जमशेदपुर के कमलपुर थाना क्षेत्र के काटिन चौक बाजार में एक आभूषण व्यवसायी से फिल्मी अंदाज में करीब 7 लाख रुपये के सोने-चांदी से भरे बैग की चोरी की घटना सामने आई। इस वारदात से इलाके के व्यापारियों में दहशत और आक्रोश दोनों है।
जानकारी के अनुसार श्री श्याम ज्वेलर्स के संचालक माणिक स्वर्णकार रात करीब 8:20 बजे अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। उनकी बाइक में गहनों से भरा बैग टंगा हुआ था। रास्ते में उन्हें कुछ सामान याद आया तो वे अपनी बाइक मुख्य सड़क किनारे एक दुकान ‘श्याम भंडार’ के पास खड़ी कर अंदर चले गए।
इसी दौरान एक उचक्का अपनी बाइक से उतरकर माणिक की बाइक में टंगा बैग झपटकर भाग निकला और अपने साथी की बाइक पर पीछे बैठकर चंद सेकंड में मौके से फरार हो गया। शोर मचाने के बावजूद चोरों का कोई सुराग नहीं लग पाया।
घटना की सूचना मिलते ही कमलपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और चोरों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद बाजार के अन्य व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और रात में पुलिस गश्त बढ़ाने व संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।

