1000255076

Jamshedpur: ज्ञानचंद्र जायसवाल के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी, 800 करोड़ के GST घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच तेज…

खबर को शेयर करें
1000255076

Jamshedpur news: GST घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग के तहत करोड़ों रुपये के लेन-देन के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार सुबह शहर के दो व्यवसायियों के घरों व कार्यालयों में छापेमारी की। यह छापेमारी बिष्टुपुर के कांट्रेक्टर एरिया में स्थित कारोबारी ज्ञानचंद्र जायसवाल के आवास, सेंट मेरी स्कूल के सामने स्थित उनके कार्यालय और सरायकेला स्थित कंपनी पर की गई।

ईडी की टीम सुबह करीब 5 बजे इन ठिकानों पर पहुंची और दस्तावेजों की जांच शुरू की। इसके अलावा जुगसलाई और कदमा में भी कुछ अन्य स्थानों पर छापेमारी की गई है। यह कार्रवाई देशभर में चल रही उस जांच का हिस्सा है जिसमें सेल कंपनियों के जरिए करीब 800 करोड़ रुपये का फर्जी जीएसटी लेन-देन सामने आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार स्क्रैप कारोबारियों ने बिना असल माल की खरीद-बिक्री किए फर्जी GST इनवायस तैयार किए थे और इन्हीं के आधार पर करोड़ों रुपये का घोटाला किया गया।

इस मामले में पहले ही ईडी ने जुगसलाई निवासी विक्की भालोटिया और कोलकाता के कारोबारी शिवकुमार देवड़ा, अमित देवड़ा व अमित गुप्ता को गिरफ्तार कर रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा जेल भेज दिया है।

बताया जा रहा है कि इन्हीं आरोपियों से पूछताछ के बाद हवाला नेटवर्क के जरिए लेन-देन की जानकारी सामने आई जिसके बाद ईडी की टीम ने देश के आठ ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई शुरू की।

फिलहाल ईडी अधिकारियों ने छापेमारी से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करने से इनकार किया है लेकिन जांच जारी है और आने वाले दिनों में कई और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।