1000245365

Jamshedpur: TMH में बदलेगा डॉक्टर अपॉइंटमेंट सिस्टम, 1 सितंबर से ओटीपी के जरिए होगी बुकिंग…

खबर को शेयर करें
1000245365

Jamshedpur news: टाटा स्टील के टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में डॉक्टरों के अपॉइंटमेंट की प्रक्रिया अब बदलने जा रही है। 1 सितंबर से मरीजों को ओपीडी की बुकिंग के लिए नई व्यवस्था अपनानी होगी।

मंगलवार को TMH प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन की बैठक में इस बदलाव को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता टाटा स्टील मेडिकल सर्विसेज की जीएम डॉ. विनिता सिंह ने की। बैठक में अस्पताल के सभी विभागाध्यक्ष, यूनियन अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु और संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।

बैठक में बताया गया कि साइबर क्राइम के बढ़ते मामलों को देखते हुए मरीजों की गोपनीयता और सुरक्षा के लिए TMH विश्वास एप से होने वाली बुकिंग की प्रक्रिया को अब ओटीपी आधारित कर दिया जाएगा। नई व्यवस्था ज्यादा सुरक्षित होगी।

यूनियन पदाधिकारियों ने सुझाव दिया कि कर्मचारियों, पूर्व कर्मचारियों, उनके परिजनों और आम मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो इसका ध्यान रखा जाए। साथ ही फोन के जरिए होने वाली बुकिंग की सुविधा को भी जारी रखने की मांग की।

इस पर अस्पताल प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि टेलीफोन से बुकिंग की पुरानी सुविधा जारी रहेगी और एप के जरिए बुकिंग को और आसान बनाया जाएगा। 1 सितंबर से नई व्यवस्था लागू होगी।

नई व्यवस्था लागू करने से पहले एक महीने तक टीम लोगों को जागरूक करेगी कि इस सुरक्षित सिस्टम का सही तरीके से उपयोग कैसे करें। यूनियन भी लोगों को जागरूक करने में सहयोग करेगी।