1000302557

Jamshedpur: श्यामसुंदरपुर में विवाद ने छीनी जान, लाठी-डंडे से पिटाई कर युवक की हत्या, दो गिरफ्तार…

खबर को शेयर करें
1000302557

पूर्वी सिंहभूम जिले के श्यामसुंदरपुर क्षेत्र में एक पुराना विवाद खूनी रूप ले बैठा। मामूली कहासुनी के बाद हुए हमले में 35 वर्षीय लखन मुर्मू की मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी और आक्रोश फैल गया है।

मिली जानकारी के अनुसार 11 सितंबर की रात लगभग 9:30 बजे श्यामसुंदरपुर के विरभांगा गांव निवासी लखन मुर्मू के घर उसी गांव के चैतन मुर्मू और सुकुल मुर्मू पहुंचे। बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने लाठी और बांस से लखन पर हमला कर दिया।

गंभीर रूप से घायल लखन को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां दो दिनों तक इलाज चला। लेकिन 13 सितंबर की शाम लगभग 7:30 बजे उसने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में प्रयुक्त लाठी और बांस भी बरामद किए गए हैं। मृतक की पत्नी चंपो मुर्मू के बयान पर दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।

घटना के बाद गांव में गुस्सा और तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

यह घटना एक बार फिर चेतावनी देती है कि छोटे-छोटे विवाद भी कभी-कभी बड़ी और दर्दनाक त्रासदी में बदल जाते हैं।