1000318325

Jamshedpur Breaking : नहाते समय नदी में बह गए दिव्यांग वृद्ध, पुलिस खोज में जुटी…

खबर को शेयर करें
1000318325

जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के वर्कर्स कॉलेज के पास स्थित छठ घाट पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना हुई। यहां नहाने उतरे एक दिव्यांग वृद्ध तेज बहाव में बह गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वृद्ध घाट पर पहुंचे और पहले अपने जूते और वॉकर किनारे रख दिए। इसके बाद वह धीरे-धीरे पानी में उतरे लेकिन नदी के तेज बहाव के कारण संतुलन खो बैठे और धारा में बह गए।

स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना अचानक हुई और किसी को उन्हें बचाने का मौका नहीं मिला। कुछ युवकों ने तुरंत नदी में खोजबीन शुरू की, लेकिन तब तक वह काफी दूर बह चुके थे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। नदी किनारे से वृद्ध का जूता और वॉकर बरामद किए गए हैं लेकिन अभी तक उनकी पहचान नहीं हो पाई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि छठ पूजा के दौरान यह घाट हमेशा भीड़-भाड़ वाला रहता है। तेज बहाव के कारण बिना सुरक्षा के नदी में उतरना खतरनाक हो सकता है। वृद्ध की दिव्यांगता भी इस हादसे का कारण बनी, क्योंकि उनके लिए पानी में संतुलन बनाए रखना मुश्किल था।

पुलिस ने बताया कि गोताखोरों की मदद से वृद्ध की तलाश जारी है। साथ ही आसपास के थानों और गुमशुदगी की रिपोर्ट से उनकी पहचान की कोशिश की जा रही है। जल्द ही पुलिस परिजनों से संपर्क साधने का प्रयास करेगी।