Jamshedpur : अटल मोहल्ला क्लिनिक का नाम बदलने के विरोध में भाजयुमो ने किया हेमंत सोरेन का पुतला दहन…

Jamshedpur news: जमशेदपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) महानगर इकाई ने शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर विरोध जताया। यह विरोध अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर चल रहे “अटल मोहल्ला क्लिनिक” का नाम बदलकर “मदर टेरेसा एडवांस हेल्थ क्लिनिक” किए जाने के फैसले के खिलाफ किया गया।
जुबिली पार्क गोलचक्कर पर हुए इस विरोध कार्यक्रम का नेतृत्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष नितीश कुशवाहा ने किया। बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता और आम लोग इसमें शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह निर्णय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और जनता की भावनाओं का अपमान है।
नितीश कुशवाहा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी झारखंड राज्य के जनक हैं और उनके नाम पर बनी योजनाओं का नाम बदलना तुष्टिकरण की राजनीति है। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि अगर यह फैसला वापस नहीं लिया गया तो युवा मोर्चा उग्र आंदोलन करेगा।


