Jamshedpur: सोनारी में सब्जी लेकर लौट रही महिला से चेन छीनकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश, पुलिस जांच में जुटी…

Jamshedpur news:जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में चेन छिनतई की एक वारदात सामने आई है। जानकारी के अनुसार वृंदावन अपार्टमेंट के पास सब्जी लेकर लौट रही एक महिला के गले से बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित महिला मीरा नारायण ने बताया कि वह सोनारी स्थित वृंदावन अपार्टमेंट में रहती हैं और बाजार से सब्जी खरीदकर लौट रही थीं। जैसे ही वह अपार्टमेंट के गेट के पास पहुंचीं वैसे ही पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से करीब 14 ग्राम का सोने का चेन झपट लिया और तेजी से फरार हो गए।
महिला के अनुसार दोनों युवक हेलमेट पहने हुए थे जिससे उनकी पहचान कर पाना मुश्किल हो गया। जब तक वह कुछ समझ पातीं आरोपी वहां से निकल चुके थे। इस घटना के बाद महिला काफी सदमे में हैं।
फिलहाल सोनारी पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

