Jamshedpur: समय कंस्ट्रक्शन में 9 करोड़ का बड़ा घोटाला, निदेशक ने तीन साथियों पर लगाया फर्जीवाड़े का आरोप…

Jamshedpur news: जमशेदपुर की एक मशहूर रियल एस्टेट कंपनी समय कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड में करीब 9 करोड़ रुपये के गबन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कंपनी के निदेशक राजेश कुमार सिंह ने अपने ही तीन सह-निदेशकों अनूप रंजन, राम प्रकाश पांडेय और राजीव कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं और साकची थाना में FIR दर्ज करवाई है।
राजेश सिंह का कहना है कि अप्रैल 2017 से लेकर नवंबर 2024 तक इन तीनों ने आपराधिक साजिश के तहत फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से कंपनी के खाते से 9 करोड़ 6 लाख रुपये निकाल लिए। जब दिसंबर 2024 में उन्होंने पैसों का हिसाब मांगा तो उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। आरोप है कि यह राशि “ब्याज” के नाम पर निकाली गई जबकि इन निदेशकों ने न तो कंपनी में कोई निवेश किया और न ही कोई कर्ज दिया।
राजेश सिंह का दावा है कि यह पूरा लेन-देन कंपनी की बैलेंस शीट में दर्ज ही नहीं है जिससे यह साफ है कि सारा मामला फर्जीवाड़ा और कपटपूर्ण तरीके से किया गया। जब राजेश सिंह और उनकी पत्नी ने इस गड़बड़ी का विरोध किया तो उन्हें 11 फरवरी 2025 को कंपनी के निदेशक पद से हटाने की सूचना ईमेल से भेजी गई।
इसके खिलाफ उन्होंने कोलकाता स्थित NCLT (नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल) में याचिका दायर की जहां से 24 फरवरी 2025 को कंपनी की संरचना में बदलाव पर रोक लगाते हुए अंतरिम आदेश जारी किया गया।
राजेश सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि 15 जुलाई 2025 को जब वे कंपनी के साकची स्थित कार्यालय पहुंचे तो देखा कि उनकी कुर्सी, टेबल, कंप्यूटर, प्रिंटर और अलमारी हटा दी गई थी। अलमारी का ताला भी बदल दिया गया था, जिसमें गबन से जुड़े दस्तावेज और करीब दो लाख रुपये नकद रखे थे, जो अब गायब हैं।
राजेश सिंह ने मांग की है कि न सिर्फ आरोपी निदेशकों पर बल्कि उनकी पत्नियों पर भी गबन, फर्जीवाड़ा, कूट रचना, आपराधिक षड्यंत्र और दस्तावेज गायब करने का मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।
फिलहाल साकची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

