Jamshedpur: टाटानगर रेलवे स्टेशन पार्किंग में अवैध वसूली का आरोप, श्रवण कुमार देबुका ने रेल मंत्री को लिखा पत्र…

जमशेदपुर के सामाजिक कार्यकर्ता श्रवण कुमार देबुका ने टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर में हो रही कथित अवैध वसूली को लेकर रेल मंत्री को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने बताया है कि रेलवे पार्किंग स्टैंड के बाहर वाहन चालकों से जबरन पैसे वसूले जा रहे हैं, जिससे आए दिन विवाद की स्थिति बन रही है। उन्होंने आशंका जताई है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई, तो कोई बड़ी घटना भी हो सकती है।

उन्होंने अपने पत्र में कहा है कि स्टेशन के इन गेट और आउट गेट को पार्किंग क्षेत्र से बाहर रखा गया है, इसके बावजूद वहां वाहन खड़ा करने पर अवैध रूप से शुल्क लिया जा रहा है। इससे यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है।
श्रवण कुमार देबुका ने पूरे मामले में रेल प्रशासन और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। उनका कहना है कि अवैध वसूली पर नजर रखना और उसे रोकना रेल प्रशासन और आरपीएफ की जिम्मेदारी है।
पत्र में दिए गए सुझाव:
- पार्किंग संवेदक को केवल उसके निर्धारित पार्किंग क्षेत्र तक ही सीमित रखा जाए।
- स्टेशन परिसर के प्रवेश और निकास द्वारों पर पार्किंग संवेदक द्वारा किसी भी प्रकार की शुल्क वसूली पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जाए।
- इन क्षेत्रों में व्यवस्था और निगरानी रेल प्रशासन एवं रेलवे सुरक्षा बल द्वारा सुनिश्चित की जाए।
श्रवण कुमार देबुका ने रेल मंत्री से मांग की है कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस समस्या पर जल्द कार्रवाई की जाए ताकि टाटानगर स्टेशन पर आने-जाने वाले लोगों को राहत मिल सके।

