Jamshedpur: मानगो नगर निगम मेयर प्रत्याशी डॉ. बनिता सहाय के जनसंपर्क अभियान में उमड़ा जनसैलाब…

मानगो नगर निगम की मेयर प्रत्याशी डॉ. बनिता सहाय ने अपने चुनावी जनसंपर्क अभियान को तेज करते हुए आज विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्हें स्थानीय नागरिकों, युवाओं एवं महिलाओं का भारी समर्थन और आशीर्वाद प्राप्त हुआ।
सुबह के समय डॉ. सहाय ने एनएच-33 के किनारे स्थित डिमना बस्ती एवं डिमना रेजीडेंसी क्षेत्र में घर-घर जाकर जनसंपर्क किया। उन्होंने लोगों से सीधा संवाद कर मानगो की प्रमुख समस्याओं जैसे जलनिकासी, साफ-सफाई एवं जर्जर सड़कों पर चर्चा की और इनके स्थायी समाधान का भरोसा दिलाया। क्षेत्रवासियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए स्थानीय मुद्दों से अवगत कराया।
दोपहर में डॉ. बनिता सहाय ने अलकबीर पॉलिटेक्निक कॉलेज के आसपास के इलाकों में जनसंपर्क किया जहाँ उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और शिक्षित वर्ग से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि “मानगो को केवल नगर निगम नहीं बल्कि एक आधुनिक, स्वच्छ और सुविधा संपन्न शहर बनाना मेरी प्राथमिकता है। शिक्षा और तकनीकी विकास हमारे ब्लूप्रिंट का अहम हिस्सा है।”
जनसंपर्क के दौरान डॉ. सहाय ने जनता से मानगो के उज्ज्वल भविष्य के लिए सही विकल्प चुनने की अपील की। उन्होंने मतदाताओं से आग्रह किया कि आगामी 23 फरवरी 2026 को मतदान केंद्र जाकर क्रम संख्या 06, बिस्कुट छाप पर अपना बहुमूल्य वोट देकर उन्हें विजयी बनाएं।
पूरे अभियान के दौरान डॉ. बनिता सहाय के साथ समर्थकों की बड़ी संख्या देखी गई। कई स्थानों पर लोगों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और विकास के प्रति विश्वास जताया। डॉ. सहाय ने आश्वस्त किया कि मेयर चुने जाने पर वह मानगो को एक ‘मॉडल टाउन’ के रूप में विकसित करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी।


