Jamshedpur: टेल्को में तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार को मारी टक्कर, एक गंभीर घायल…

Jamshedpur news: टेल्को थाना क्षेत्र के प्लाजा टेम्पो स्टैंड मोड़ पर बुधवार रात हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने मोड़ पर स्कूटी को जोरदार टक्कर मारी और मौके से फरार हो गई।
हादसे में स्कूटी सवार को सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत टाटा मोटर्स अस्पताल को फोन कर एम्बुलेंस मंगवाई। थोड़ी ही देर में एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल ले जाया गया जहां उसका इलाज जारी है।
घायल की पहचान प्रकाश नगर, सिल्वर टॉवर निवासी के रूप में हुई है। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मोड़ पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं लेकिन ट्रैफिक नियंत्रण के उपाय पर्याप्त नहीं हैं। सूचना मिलने पर टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रत्यक्षदर्शियों से बयान दर्ज कर आरोपी वाहन व चालक की तलाश शुरू कर दी है।

