झारखंड में 9 साल से नहीं हुई J-TET परीक्षा, नाराज छात्रों ने आंदोलन की दी चेतावनी…

Jharkhand: झारखंड में नौ वर्षों से झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (J-TET) नहीं होने से युवाओं में गुस्सा बढ़ता जा रहा है। B.Ed और D.El.Ed. की पढ़ाई पूरी कर चुके हजारों अभ्यर्थी अब आंदोलन की तैयारी में हैं।
रविवार को हजारीबाग के गांधी मैदान में छात्र युवा अधिकार संघ की बैठक हुई। इसमें राज्य सरकार की लापरवाही के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन करने का निर्णय लिया गया।
संघ के सदस्य जीवन कुमार ने कहा कि 2016 के बाद से J-TET परीक्षा नहीं हुई है। इससे लाखों योग्य अभ्यर्थियों का भविष्य अटका हुआ है। उन्होंने इसे युवाओं के अधिकारों के साथ खिलवाड़ बताया।
बैठक में रविंद्र पासवान ने कहा कि J-TET न होना संविधान के अनुच्छेद 14, 16 और 21 का उल्लंघन है। एनसीटीई की गाइडलाइन के अनुसार यह परीक्षा हर साल होनी चाहिए लेकिन राज्य सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
विक्रम कुमार ने बताया कि कुछ साल पहले आवेदन मंगवाए गए थे, 3.5 लाख से अधिक छात्रों ने फार्म भरा था, लेकिन बिना कारण प्रक्रिया रद्द कर दी गई।
छात्रों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द परीक्षा का आयोजन नहीं हुआ तो वे बड़े आंदोलन के लिए सड़क पर उतरेंगे। बैठक में जीवन कुमार यादव, रविंद्र पासवान, अभिषेक राज, सत्यम सिंह, विक्रम कुमार, विनय कुमार, नीरज, आदर्श आनंद और विष्णु मंडल समेत दर्जनों छात्र मौजूद रहे।


