BSL में नए निदेशक प्रभारी की नियुक्ति के लिए अगले माह इंटरव्यू, 12 उम्मीदवारों की सूची जारी..

Jharkhand: सेल (स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड) के बोकारो इस्पात संयंत्र में नए निदेशक प्रभारी की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो गई है। वर्तमान निदेशक प्रभारी बीके तिवारी 31 अगस्त 2025 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इस पद के लिए अगले महीने ऑनलाइन साक्षात्कार होगा।
लोक उद्यम चयन समिति द्वारा योग्य 12 उम्मीदवारों का चयन कर लिया गया है, जो इस इंटरव्यू में शामिल होंगे। हालांकि चयन की प्रक्रिया पूरी होने और अंतिम मंजूरी मिलने में ढाई से तीन महीने का समय लगेगा। तब तक राउरकेला इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी को बीएसएल का अतिरिक्त प्रभार दिए जाने पर विचार किया जा रहा है।
सेल में निदेशक वाणिज्यिक पद के लिए 6 अगस्त 2025 को साक्षात्कार होगा। इसमें 12 अधिकारी शामिल होंगे। इस पद के लिए सेल के ईडी (मार्केटिंग) संजय अग्रवाल को सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
वर्तमान में इस पद का अतिरिक्त प्रभार निदेशक वित्त एवं लेखा ए.के. पंडा को दिया गया है। साक्षात्कार के बाद स्थायी नियुक्ति होने पर उन्हें इस अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया जाएगा।
इन कंपनियों के अधिकारी होंगे शामिल
साक्षात्कार में सेल, एनटीपीसी, आरआईएनएल, मेकॉन, एनएमडीसी और ओडिशा माइनिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अधिकारी शामिल होंगे।
निदेशक प्रभारी पद के लिए इंजीनियरिंग स्नातक आवश्यक है और एमबीए धारकों को अतिरिक्त लाभ मिलेगा। वरिष्ठ प्रबंधन का अनुभव अनिवार्य है। इस पद के लिए वेतनमान 1,80,000 से 3,40,000 रुपये के बीच होगा।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि योग्य उम्मीदवारों का चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से की जाएगी।


