जमशेदपुर में फिर लौटेगा इंटरनेशनल क्रिकेट का दौर, कीनन स्टेडियम में 2026 में हो सकते हैं मैच…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। शहर में एक बार फिर इंटरनेशनल क्रिकेट की वापसी होने जा रही है। कीनन स्टेडियम में जनवरी-फरवरी 2026 में अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जा सकते हैं। BCCI सूत्रों के अनुसार, अगर सब कुछ योजना के अनुसार चला तो विदेशी टीमों के भारत दौरे के दौरान प्रेसिडेंट इलेवन या इंडिया ए के खिलाफ अभ्यास मैच कीनन स्टेडियम में कराए जा सकते हैं। इसके अलावा यहां महिला अंतरराष्ट्रीय मैच होने की भी संभावना जताई जा रही है।
झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के सचिव सौरव तिवारी के नेतृत्व में इस दिशा में प्रयास तेज हो गए हैं। शुक्रवार को BCCI की एक टीम ने कीनन स्टेडियम का दौरा किया और यहां की तैयारियों का जायजा लिया। टीम में शामिल बीसीसीआई क्रिकेट ऑपरेशन प्रमुख अमित सिदेश्वर ने ड्रेसिंग रूम, ट्रेनिंग सेंटर, जिम, खिलाड़ियों और अधिकारियों के ठहरने की व्यवस्था, मेन विकेट और आउट फील्ड का निरीक्षण किया। टीम ने अधिकतर व्यवस्थाओं पर संतोष जताया, हालांकि ड्रेसिंग रूम में कुछ बदलाव के निर्देश दिए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार, टाटा स्टील और JSCA के बीच एक एमओयू (समझौता) भी हो सकता है जिसके तहत स्टेडियम में जरूरी आधुनिकीकरण और मरम्मत का कार्य किया जाएगा। इस दौरान मौके पर JSCA के पूर्व सचिव राजेश वर्मा, डी. उमा राव, पूर्व रणजी खिलाड़ी आशीष सिन्हा, काजल दास, पूर्व कोषाध्यक्ष गोविंदो मुखर्जी समेत अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

