जमशेदपुर में 145 करोड़ की लागत से बनेगा अंतरराज्यीय बस टर्मिनल, एयरपोर्ट जैसी होंगी सुविधाएं…

Jamshedpur news: जमशेदपुर में यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए 145 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) बनाया जाएगा। यह टर्मिनल मानगो के डिमना चौक के पास 13 एकड़ जमीन पर हाइब्रिड एन्युइटी मोड पर तैयार होगा।
आईएसबीटी में एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं होंगी एसी वेटिंग हॉल, डोरमेट्री, फूड कोर्ट, रेस्टोरेंट, दुकानें, 50 बसों की पार्किंग, 300 कार और 350 बाइक की पार्किंग व्यवस्था। टर्मिनल में 23 बस वे, 18 टिकट काउंटर, पब्लिक शौचालय, लॉजिस्टिक सेंटर और झारखंडी कला की पेंटिंग्स भी लगाई जाएंगी।
पांच मंजिला टर्मिनल बिल्डिंग, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स और जल संसाधन विभाग का कार्यालय भी परिसर में बनेगा। परियोजना का काम जुडको को सौंपा गया है और कर्नाटक की आइडेक एजेंसी ने इसका डिजाइन तैयार किया है। इसके बन जाने से जमशेदपुर के बस यात्रियों को आधुनिक और सुविधाजनक सफर का अनुभव मिलेगा।

