IMG 20250706 WA0015

उद्योगपति गोपाल खेमका की हत्या से पटना में सनसनी, आज होगा अंतिम संस्कार, स्कॉटलैंड से बेटी के आने का इंतजार…

खबर को शेयर करें
IMG 20250706 WA0015

Azad Reporter desk: पटना के जाने-माने उद्योगपति गोपाल खेमका की हत्या ने पूरे बिहार को झकझोर कर रख दिया है। आज यानी रविवार को उनका अंतिम संस्कार पटना के गुलबी घाट पर किया जाएगा। फिलहाल परिजन उनकी बेटी गरिमा खेमका के स्कॉटलैंड से लौटने का इंतजार कर रहे हैं। शनिवार को उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए उनके ट्विन टावर स्थित फ्लैट पर रखा गया था जहां कई राजनीतिक दलों के नेता पहुंचकर शोक व्यक्त कर गए।

यह हत्याकांड शुक्रवार रात करीब 11 बजे हुआ। रामगुलाम चौक स्थित ट्विन टावर अपार्टमेंट के गेट पर अज्ञात अपराधियों ने खेमका को उनकी कार में ही सिर में गोली मार दी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

पटना पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है जिसकी कमान सिटी एसपी (मध्य) दीक्षा को सौंपी गई है। शनिवार को एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार एक शूटर ने इस हत्या को अंजाम दिया जिसकी पहचान हो चुकी है। उसके साथ कुछ संपर्क कराने वाले (लाइजनर) भी थे।

पुलिस की जांच में इस हत्याकांड के तार पटना के बेउर जेल से भी जुड़े पाए गए हैं। आईजी जितेंद्र राणा की अगुवाई में जेल में छापेमारी कर तीन मोबाइल, सिम कार्ड, डेटा केबल और संदिग्ध नंबरों की सूची बरामद की गई है। जेल में बंद कुछ कुख्यात अपराधियों से पूछताछ की जा रही है।

घटनास्थल के पास लगे CCTV फुटेज में शूटर को गोली मारते और स्कूटी से भागते हुए देखा गया है। पूरी घटना सिर्फ 6 सेकंड में अंजाम दी गई। मौके से एक खोखा और एक जिंदा गोली भी बरामद हुई है। फोरेंसिक टीम भी जांच में जुटी है।

इस घटना के बाद बिहार की कानून-व्यवस्था पर बड़े सवाल उठने लगे हैं। विपक्ष ने इसे ‘जंगलराज’ बताया है। वहीं, उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने खेमका के परिजनों से मुलाकात कर न्याय का भरोसा दिलाया और कहा कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

गौर करने वाली बात यह है कि 2018 में उनके बेटे गुंजन खेमका की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब पिता की हत्या ने इस परिवार को फिर से गहरे सदमे में डाल दिया है।