एजबेस्टन टेस्ट में गूंजा भारत का जलवा: शुभमन गिल का ऐतिहासिक शतक, सिराज-आकाशदीप की घातक गेंदबाजी, जीत से बस एक कदम दूर टीम इंडिया…

Azad Reporter desk: भारत और इंग्लैंड के बीच चल रहे टेस्ट मैच के चौथे दिन टीम इंडिया ने शानदार खेल दिखाकर इंग्लैंड को पूरी तरह दबाव में ला दिया। शुभमन गिल ने दूसरी पारी में जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए 161 रनों की पारी खेली वहीं सिराज और आकाशदीप की तेज गेंदबाजी ने इंग्लैंड के टॉप बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर भारत को जीत के करीब पहुंचा दिया।
शुभमन गिल ने पहली पारी में 269 रन और दूसरी पारी में 161 रन बनाए। गिल एक ही टेस्ट में दोहरा शतक और शतक लगाने वाले भारत के दूसरे खिलाड़ी बने। इससे पहले यह कारनामा सुनील गावस्कर ने किया था। गिल दुनिया के नौवें खिलाड़ी हैं जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है।
भारत ने चौथे दिन 1 विकेट पर 64 रन से आगे खेलना शुरू किया। करुण नायर ने 26 रन, केएल राहुल ने 55 रन और ऋषभ पंत ने 65 रन बनाए। रवींद्र जडेजा 69 रन पर नाबाद रहे। भारत ने 427/6 पर पारी घोषित की और इंग्लैंड को 608 रनों का विशाल लक्ष्य दिया।
इंग्लैंड की दूसरी पारी की शुरुआत बेहद खराब रही। सिराज ने जैक क्रॉली (9) को आउट किया। आकाशदीप ने बेन डकेट (25) और जो रूट (6) को बोल्ड कर इंग्लैंड की कमर तोड़ दी। स्टंप्स तक ओली पोप (24) और हैरी ब्रूक (15) नाबाद रहे। इंग्लैंड अभी भी लक्ष्य से 536 रन पीछे है।
टीम इंडिया ने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया है। अगर मौसम ने रुकावट नहीं डाली तो भारत यह मैच बड़ी जीत के साथ जीत सकता है।
शुभमन गिल की कप्तानी और खिलाड़ियों का दमदार खेल भारत को सफलता की ओर ले जा रहा है।

