1000235655

ऑस्ट्रेलिया में भारतीय छात्र पर नस्लीय हमला, बुरी तरह पीटा गया, अस्पताल में भर्ती…

खबर को शेयर करें
1000235655

Azad Reporter desk: ऑस्ट्रेलिया के एडीलेड शहर में एक भारतीय छात्र चरणप्रीत सिंह पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। यह हमला नस्लीय टिप्पणी करते हुए किया गया। आरोपी उन्हें “भाड़ में जाओ इंडियन” कहकर पीटते रहे और अधमरी हालत में छोड़कर भाग गए।

यह घटना शनिवार रात करीब 9:22 बजे की है जब चरणप्रीत अपनी पत्नी के साथ एडीलेड के किंटोर एवेन्यू इलाके से गुजर रहे थे। तभी पांच लोगों ने उनकी राष्ट्रीयता को लेकर अपशब्द कहे और फिर लात-घूंसे मारकर बुरी तरह घायल कर दिया।

चरणप्रीत ने पुलिस को बताया कि हमलावर बिना किसी वजह के गाली-गलौज करने लगे और फिर मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने कहा “ऐसी घटनाओं के बाद लगता है कि अपने देश वापस चले जाना चाहिए। आप खुद को बदल सकते हैं लेकिन अपने रंग को नहीं।”

इस हमले का वीडियो भी सामने आया है जिसमें पांच युवक चरणप्रीत को लगातार पीटते हुए दिख रहे हैं। वहीं उनकी पत्नी इस घटना को कैमरे में रिकॉर्ड करती नजर आ रही हैं और डर के मारे हमलावरों को रोक भी नहीं पा रही हैं।

पुलिस ने एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक जब वे घटनास्थल पर पहुंचे तो पीड़ित बेसुध हालत में जमीन पर पड़ा था। उसके चेहरे पर गंभीर चोटें थीं। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इस घटना ने ऑस्ट्रेलिया में रह रहे भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।