1000217976

Indian Railway: शुरू होगी कोडरमा-तिलैया ट्रेनें, चार सुरंग और सात पुल से गुजरेगा नया रेलमार्ग…

खबर को शेयर करें
1000217976

Jharkhand: झारखंड और बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। कोडरमा-तिलैया के बीच नया रेलखंड दिसंबर 2025 तक पूरी तरह तैयार हो जाएगा, जिस पर ट्रेनें चलनी शुरू कर देंगी। इस रेललाइन पर सफर करते हुए यात्री चार सुरंगों और सात बड़े पुलों को पार करेंगे जो उन्हें एक अलग और रोमांचक अनुभव देगा।

पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने हाल ही में एक उच्चस्तरीय बैठक में कोडरमा-तिलैया-राजगीर रेललाइन की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में जानकारी दी गई कि इस 65 किलोमीटर लंबे रेलखंड का निर्माण 1625 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा है जिसमें अब तक 50 किलोमीटर ट्रैक का काम पूरा हो चुका है।

रेल अधिकारियों ने बताया कि इस रूट पर 350 मीटर, 305 मीटर, 255 मीटर और 250 मीटर लंबी कुल चार सुरंगें और सात पुल बनाए जा रहे हैं जिनका निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।

इस रेललाइन के चालू होने से राजगीर, नालंदा, पावापुरी और ककोलत जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों तक सीधी पहुंच बन जाएगी जिससे पर्यटकों की आवाजाही आसान होगी। साथ ही कोडरमा, तिलैया, नवादा और बरही जैसे इलाकों के लोगों को इलाज, शिक्षा, रोजगार और व्यापार में भी सुविधा मिलेगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस रेलखंड पर यात्री ट्रेनें और मालगाड़ियां दोनों चलेंगी। इसके शुरू होने से रांची से राजगीर की दूरी लगभग 3 से 4 घंटे कम हो जाएगी।

रेलवे ने इस परियोजना में वाइल्डलाइफ कॉरिडोर भी शामिल किया है जिससे हाथी और अन्य वन्यजीवों को सुरक्षित रास्ता मिलेगा। साथ ही नवादा और कोडरमा के स्टेशन परिसरों में स्थानीय लोककला और काष्ठ शिल्प की झलक भी देखने को मिलेगी।

इस रेललाइन के लिए बजट में 446.74 करोड़ रुपये का विशेष आवंटन किया गया है। गौरतलब है कि इस परियोजना को वर्ष 2004 में तत्कालीन रेल मंत्री नीतीश कुमार के समय स्वीकृति मिली थी।