बांग्लादेश में हुए विमान हादसे में घायलों की मदद के लिए आगे आया भारत, ढाका भेजी जा रही है डॉक्टरों की टीम…

Azad Reporter desk: बांग्लादेश की राजधानी ढाका में सोमवार को हुए एक बड़े विमान हादसे के बाद भारत ने मानवीय सहायता के तहत बड़ा कदम उठाया है। भारत ने हादसे में घायल लोगों की मदद के लिए एक बर्न स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की टीम बांग्लादेश भेजने का फैसला लिया है।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारत की तरफ से जल्द ही दिल्ली के दो अनुभवी डॉक्टर ढाका के लिए रवाना होंगे। इनमें एक डॉक्टर राम मनोहर लोहिया अस्पताल से और दूसरा सफदरजंग अस्पताल से हैं जो जलने के इलाज में विशेषज्ञ माने जाते हैं।
भारत न सिर्फ डॉक्टर बल्कि नर्सों और ज़रूरी मेडिकल उपकरण भी बांग्लादेश भेज रहा है ताकि वहां इलाज करा रहे घायलों को बेहतर चिकित्सा मिल सके।
ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग ने बांग्लादेश सरकार को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि अगर किसी और तरह की चिकित्सीय सहायता की ज़रूरत हो तो भारत तैयार है।
इस हादसे की जांच के लिए बांग्लादेश वायुसेना ने एक उच्च स्तरीय समिति का गठन कर दिया है।
गौरतलब है कि सोमवार को ढाका के उत्तरा इलाके में स्थित माइलस्टोन स्कूल एंड कॉलेज में एक सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था जिसमें 25 बच्चों समेत कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई थी। कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं।


