IND vs ENG: लॉर्ड्स टेस्ट में बुमराह की वापसी तय, इस फेमस प्लेयर की हो सकती है छुट्टी…

Azad Reporter desk: भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे टेस्ट सीरीज के तीसरे मुकाबले से पहले बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह पूरी तरह फिट हो चुके हैं और वे लॉर्ड्स टेस्ट में प्लेइंग इलेवन में वापसी के लिए तैयार हैं। बुमराह ने नेट सेशन में करीब 45 मिनट तक गेंदबाज़ी की और फिर बैटिंग प्रैक्टिस भी की जिससे उनकी फिटनेस को लेकर सभी अटकलें खत्म हो गई हैं।
कप्तान शुभमन गिल ने एजबेस्टन टेस्ट के बाद ही साफ कर दिया था कि बुमराह को दूसरे टेस्ट से वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया गया था और वे तीसरे टेस्ट में वापसी करेंगे।
नेट्स में बुमराह की गेंदबाज़ी देखने के बाद यह लगभग तय माना जा रहा है कि वे प्रसिद्ध कृष्णा की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल होंगे। बुमराह ने जहां अपनी गेंदबाज़ी की रफ्तार धीरे-धीरे बढ़ाई वहीं अर्शदीप सिंह ने भी एक घंटे तक जमकर अभ्यास किया और गेंदबाज़ी में अपनी दावेदारी मजबूत की।
अभ्यास सत्र से शुभमन गिल, केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत, आकाश दीप और मोहम्मद सिराज जैसे प्रमुख खिलाड़ी अनुपस्थित रहे। सिराज ने अब तक सबसे ज्यादा ओवर फेंके हैं और उनका वर्कलोड भी प्रबंधन के तहत रखा जा रहा है।
भारत के बल्लेबाज़ी कोच सितांशु कोटक ने कहा “वर्कलोड मैनेजमेंट सिर्फ बुमराह के लिए नहीं बल्कि सभी गेंदबाज़ों के लिए अहम है। सिराज लगातार गेंदबाज़ी कर रहे हैं इसलिए उनका वर्कलोड भी ध्यान में रखा जाएगा।”
इस दौरान करुण नायर और साई सुदर्शन ने जमकर नेट्स में अभ्यास किया। करुण नायर को अभी तक इस सीरीज में रन बनाने का इंतज़ार है इसलिए वे खुद को साबित करने के लिए पूरी तैयारी में दिखे।
एजबेस्टन टेस्ट में भारत ने तीन तेज़ गेंदबाज़ और दो स्पिनर के साथ उतरकर जीत दर्ज की थी। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि क्या भारत वही संयोजन दोहराएगा या गेंदबाज़ी में कोई और बदलाव करेगा।


