बागबेड़ा में दो अलग-अलग महिलाओं के साथ प्रताड़ना और मारपीट की घटनाएं, पुलिस ने दर्ज किए मामले
जमशेदपुर:बागबेड़ा थाना क्षेत्र में महिलाओं के साथ दहेज प्रताड़ना और मारपीट की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पहली घटना सोमाय झोपड़ी की रहने वाली इंदुमति लोहार के साथ हुई, जिसने पति और ससुराल वालों पर दहेज को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता की शिकायत पर बागबेड़ा पुलिस ने पति प्रसाद लोहार ससुर महावीर लोहार, तथा किसन और मालो लोहार के खिलाफ मामला दर्ज किया है।इंदुमति की शादी 17 नवंबर 2017 को हुई थी। उसका आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही दहेज को लेकर उसे ताने दिए जाने लगे थे, जो समय के साथ हिंसा में तब्दील हो गए। हाल ही में उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।दूसरी घटना सिद्धू मैदान की रहने वाली वंदना भारती के साथ हुई।
वंदना ने थाना में दर्ज शिकायत में बताया कि मोहल्ले के ही हरिनाथ गोस्वामी, प्रभावती देवी और रूबी देवी लगातार उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं। वंदना के मुताबिक, आरोपियों द्वारा न केवल उसके साथ मारपीट की गई, बल्कि आए दिन उसके घर के बाहर गाली-गलौज कर माहौल खराब किया जाता है।
बागबेड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस गंभीरता से जांच में जुटी है और जल्द ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।इन दोनों घटनाओं ने क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त निगरानी और समयबद्ध न्याय की मांग कर रहे हैं।


