लातेहार में डंपर को आग के हवाले कर छोड़ा धमकी भरा पर्चा, कोयला कारोबारियों से मांगी रंगदारी, राहुल दुबे गिरोह पर शक…

Jharkhand: झारखंड के लातेहार जिले में कोयला कारोबार से जुड़ी आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शनिवार देर रात बरियातू थाना क्षेत्र के फुलबसिया रेलवे कोयला साइडिंग में अज्ञात अपराधियों ने एक खड़े डंपर में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना को अंजाम देने के बाद फायरिंग की गई और मौके पर धमकी भरा पर्चा छोड़कर अपराधी फरार हो गए।
इस पर्चे में खुद को राहुल दुबे गिरोह का सदस्य बताते हुए कोयला कारोबारियों को धमकी दी गई है कि “गैंग को मैनेज किए बिना कोई भी काम किया गया तो अंजाम बुरा होगा।” यानी साफ तौर पर रंगदारी की मांग की गई है। पुलिस ने मौके से पर्चा बरामद कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है।
बरियातू थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि यह पूरी घटना रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से की गई है। अपराधियों ने डंपर को जलाने के साथ ही गोलियां चलाईं ताकि डर का माहौल बनाया जा सके। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने त्वरित छानबीन शुरू कर दी है और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
लातेहार में पिछले कुछ महीनों में कोयला कारोबारियों से रंगदारी मांगने की कई घटनाएं सामने आई हैं। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि संगठित आपराधिक गिरोह जिले में सक्रिय हैं। पुलिस तकनीकी और खुफिया मदद से जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

