जमशेदपुर में जेएमएम नेता और उसके भाई पर चापड़ से जानलेवा हमला, सलमान गैंग पर लगा आरोप…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित धतकीडीह इलाके में शनिवार की सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेता जाबिर हुसैन और उनके छोटे भाई जसीम अहमद उर्फ कल्लू पर चाइनीज चापड़ और बेसबॉल बैट से जानलेवा हमला किया गया। इस हमले के पीछे कुख्यात सलमान गैंग के तीन सदस्यों का नाम सामने आया है।
घटना सुबह करीब साढ़े 10 बजे की है। जानकारी के अनुसार जसीम अहमद उर्फ कल्लू छोटा हाथी वाहन चलवाता है। शनिवार सुबह सलमान गैंग से जुड़े तीन युवक उसके पास पहुंचे और वाहन की मांग करने लगे। कल्लू ने बताया कि ड्राइवर नहीं आया है ड्राइवर के आने पर ही वाहन भेजा जाएगा। लेकिन युवकों ने ज़बरदस्ती वाहन मांगा और खुद चलाकर ले जाने की बात कही।
कल्लू के इंकार करने पर तीनों युवक नाराज़ हो गए और पहले गाली-गलौज करने लगे फिर चापड़ और बेसबॉल बैट से हमला कर दिया। किसी तरह जान बचाकर भागे कल्लू के पीछे आरोपियों ने दौड़ लगाई। इसी बीच खबर मिलने पर जब जेएमएम नेता जाबिर हुसैन अपने भाई को बचाने पहुंचे तो उन पर भी हमला कर दिया गया।
हमले में दोनों भाइयों के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें खून से लथपथ हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल दोनों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि सलमान गैंग धतकीडीह इलाके में पहले भी सक्रिय रहा है लेकिन पिछले कुछ समय से इनकी गतिविधियां थमी हुई थीं। हालिया घटना से साफ है कि गैंग एक बार फिर सक्रिय हो रहा है
पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में लगी हुई है।

