दिल्ली में झारखंड कैडर के IPS अफसर से दिनदहाड़े 95 हजार की लूट, ठक-ठक गैंग ने दिया वारदात को अंजाम…

Azad Reporter desk: दिल्ली में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे पुलिस अधिकारियों को भी निशाना बनाने से नहीं डर रहे। ताजा मामला राजधानी दिल्ली के बुराड़ी फ्लाईओवर का है जहां झारखंड कैडर के एक वरिष्ठ IPS अधिकारी से दिनदहाड़े 95 हजार रुपये और लैपटॉप लूट लिया गया। ये अधिकारी इस वक्त NIA (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात हैं।
जानकारी के अनुसार अधिकारी अपने ड्राइवर के साथ एक निजी गाड़ी से घर लौट रहे थे। तभी बुराड़ी फ्लाईओवर के पास एक बाइक सवार ने उनकी गाड़ी को रुकवाया और कहा कि गाड़ी से ऑयल लीक हो रहा है। जैसे ही अधिकारी गाड़ी से नीचे उतरकर देखने लगे, तभी दो और बाइक सवार पहुंचे और मौका पाकर गाड़ी का दरवाजा खोलकर अंदर रखा बैग लेकर भाग गए। उस बैग में 95 हजार रुपये नकद और एक लैपटॉप था।
जब अधिकारी ने विरोध किया तो उन्हें धक्का दे दिया गया जिससे वे गिर पड़े और उन्हें हल्की चोट भी आई। हैरानी की बात यह रही कि करीब 10 मिनट बाद बदमाश फिर लौटे और बैग को गाड़ी के सामने डिवाइडर पर फेंककर भाग गए। हालांकि बैग में से नकदी गायब थी लेकिन लैपटॉप वापस मिल गया।
घटना के बाद अधिकारी ने पास के एक अस्पताल में इलाज कराया और फिर अगले दिन पुलिस थाने जाकर मामला दर्ज कराया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और इस घटना में शामिल ठक-ठक गैंग के सदस्यों की तलाश कर रही है।
‘ठक-ठक’ गैंग दिल्ली-एनसीआर में काफी सक्रिय है। ये लोग गाड़ियों को रोकने के लिए कोई बहाना बनाते हैं जैसे कि “पंक्चर हो गया”, “कुछ गिर गया”, “ऑयल लीक हो रहा है” और फिर मौका मिलते ही गाड़ी से कीमती सामान लेकर फरार हो जाते हैं।
इस घटना ने राजधानी दिल्ली की कानून व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब एक वरिष्ठ और प्रशिक्षित IPS अधिकारी दिनदहाड़े ठगी और लूट का शिकार हो सकते हैं तो आम जनता कितनी सुरक्षित है इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।

