बिहार कैबिनेट की अहम बैठक आज, नीतीश सरकार ले सकती है कई बड़े फैसले नौकरी, आरक्षण और कौशल विश्वविद्यालय पर रहेगा फोकस…

Azad Reporter desk: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आज 15 जुलाई 2025 मंगलवार को बिहार कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक होगी। माना जा रहा है कि इस बैठक में सरकारी नौकरी, महिला आरक्षण, कौशल विश्वविद्यालय, और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े कई बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।
बिहार सरकार अब हर मंगलवार को कैबिनेट बैठक करती है। पिछले सप्ताह हुई बैठक में 43 प्रस्तावों को मंजूरी मिली थी जिसमें युवा आयोग डीजल अनुदान और शहरी गैस वितरण नीति 2025 जैसे मुद्दे शामिल थे।
बैठक में सबसे बड़ा प्रस्ताव कौशल विश्वविद्यालय की स्थापना को लेकर हो सकता है। यह विश्वविद्यालय राज्य में तकनीकी शिक्षा और प्रशिक्षण को बेहतर बनाने के लिए बनाया जाएगा। सरकार पहले ही इस पर संकेत दे चुकी है।
अब सरकारी नौकरी में 35% महिला आरक्षण का लाभ सिर्फ बिहार की मूल निवासी महिलाओं को मिलेगा। पहले यह आरक्षण बाहर की महिलाओं को भी मिलता था लेकिन अब इसमें डोमिसाइल नीति लागू की जा रही है।
नीतीश कुमार ने 12 लाख नौकरियों का वादा किया था जिनमें से 10 लाख नौकरियां दी जा चुकी हैं। अब शेष 2 लाख पदों पर फैसला आज की बैठक में हो सकता है। यह फैसला चुनावी दृष्टिकोण से भी अहम है क्योंकि विधानसभा चुनाव में अब सिर्फ 3 महीने बाकी हैं।
सरकार ने हाल ही में पेंशन राशि 400 से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी है। इसके अलावा राज्य के कलाकारों को भी 3000 रुपये मासिक मानदेय देने का निर्णय लिया गया है जिससे संस्कृति क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा।
आज की बैठक में रिन्यूएबल एनर्जी नीति के क्रियान्वयन पर दिशा-निर्देश जारी किए जा सकते हैं। वहीं मानसून की अनिश्चितता और सूखे की आशंका को देखते हुए किसानों को डीजल अनुदान जैसे प्रोत्साहन को और बढ़ाने पर भी विचार किया जा सकता है।

