1000223707

पलामू में 50 लाख की अवैध विदेशी शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार, एसपी की सूचना पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई…

खबर को शेयर करें
1000223707

Jharkhand: झारखंड के पलामू जिले में अवैध शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। नावाबाजार थाना क्षेत्र के तमदागा गांव में रविवार को पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है जिसकी बाजार कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी जा रही है। इस कार्रवाई में एक शराब तस्कर योगेन्द्र सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है।

पलामू की पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें अवैध विदेशी शराब के भंडारण और बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर नावाबाजार थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी दल का गठन किया और तमदागा गांव के संजय सिंह नामक व्यक्ति के नये पक्के मकान में छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति भागने की कोशिश कर रहा था जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम योगेन्द्र सिंह बताया। जब पुलिस ने मकान की तलाशी ली तो दो कमरों से भारी मात्रा में रॉयल कैरेज ब्रांड की अवैध विदेशी शराब बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार कुल 535 कार्टूनों में भरी 17,760 बोतल शराब बरामद हुई है जिनमें 180 एमएल की 215 कार्टून, 350 एमएल की 300 कार्टून और 750 एमएल की 20 कार्टून शामिल हैं। मौके पर कोई वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किया गया।

गिरफ्तार आरोपी योगेन्द्र सिंह ने पूछताछ में खुलासा किया कि इस अवैध कारोबार में संजय सिंह (मकान मालिक), सोनू सिंह (बिहार निवासी) सहित कई अन्य लोग भी शामिल हैं। उसने यह भी बताया कि उसका काम शराब की लोडिंग, अनलोडिंग और रेकी करना था जिसके बदले में उसे पैसे मिलते थे।

फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। एसपी ने कहा कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान और सख्ती से चलाया जाएगा।